पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) के बाद बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जाने का मामला अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, वे अपील कर रहे हैं, लेकिन इनके निपटारे की रफ्तार बेहद धीमी है। इसी वजह से सुप्रीम कोर्ट को सोमवार को अपीलीय ट्रिब्यूनलों को विशेष निर्देश देना पड़ा।
सुप्रीम कोर्ट की चिंता । शीर्ष अदालत ने नाम हटाने से जुड़ी अपीलों पर पहले सुनवाई करने और उनको फिलहाल टालने के लिए कहा है जिनमें वोटर लिस्ट में नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी गई है। उसमें भी कोलकाता नगर निगम के दायरे में आने वाले मतदाताओं के मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश हैं, क्योंकि वहां निकाय चुनाव होने हैं। सुप्रीम कोर्ट के लिए सबसे बड़ी चिंता उन लोगों के मताधिकार की रक्षा है, जिनका नाम वोटर लिस्ट से बाहर हुआ है। इसी वजह से विधानसभा चुनाव में कई लोग वोट नहीं डाल पाए थे।चुनावी प्रक्रिया पर असर । जिन योग्य मतदाताओं का नाम गलती से वोटर लिस्ट से हटा और ट्रिब्यूनल से उन पर फैसला चुनाव के बाद आया, उनको हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। चुनाव आयोग जब जनता को जागरूक करता है कि हर एक वोट कीमती है, तब लाखों लोगों का अपील लंबित होने के कारण मतदान में हिस्सा न ले पाना चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करता है।
अधिकार से वंचित । पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया से उपजी अभूतपूर्व परिस्थितियों से निपटने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं। इसके बाद भी अपीलों का निपटारा उस गति से नहीं हो रहा, जैसे होना चाहिए। सितंबर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रिब्यूनलों ने पांच महीने में केवल 1.26 लाख मामलों पर फैसला दिया था। इस तरह से काम पूरा होने में 12 साल से ज्यादा लग जाते! इसमें भी गौर करने वाली बात यह है कि 90% से अधिक केस में अपील करने वालों के पक्ष में निर्णय आया है। यानी, सुनवाई में हो रही देरी एक बड़ी आबादी को उसके अधिकार से वंचित रखने के बराबर है।
स्पष्टता चाहिए । सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने जाने को लेकर भी निर्देश दिया है। पिछली सुनवाइयों में भी इस बार बात हुई है और तुरंत अमल की जरूरत है। यह मामला बंगाल का है, पर इसकी वजह से SIR प्रक्रिया को लेकर पूरे देश में सवाल उठ रहे हैं। इनका जवाब जितनी जल्दी मिले, अच्छा होगा। लोगों के सामने पूरी स्पष्टता होनी चाहिए।