किस खेल में फंसा हुआ है संसद सत्र

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
पूनम पाण्डे

संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 100 दिन से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक उसका सत्रावसान नहीं किया है। न मॉनसून सत्र का औपचारिक समापन हुआ और न ही शीतकालीन सत्र की तारीखों का ऐलान। बीच-बीच में संसद के विशेष सत्र की चर्चा जरूर होती रही है। आखिर संसद के सत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं है, क्या सरकार किसी खास राजनीतिक मौके का इंतजार कर रही है?
सरकार को चाहिए पूरे नंबर

इसका जवाब शायद महिला आरक्षण व परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में छिपा है। सरकार चाहती है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की व्यवस्था 2029 के चुनाव से पहले लागू हो जाए। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करने का प्रस्ताव है। लेकिन, इसके लिए जरूरी समर्थन जुटाने की चुनौती है।

अप्रैल में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। ऐसे में सरकार दोबारा कोशिश करने से पहले नंबर ठीक कर लेना चाहती है। विपक्ष इसे लेकर आशंका जताता रहता है। वहीं, सरकार के रुख को देखकर लगता है कि शायद वह विपक्ष की बेचैनी देख रही है।

विपक्ष का कहना है कि महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन या लोकसभा की सीटें बढ़ाने की शर्त क्यों रखी जा रही है। मौजूदा सीटों पर ही 33% आरक्षण लागू किया जा सकता है। महिलाओं को आरक्षण देने की बात तो सभी कर रहे हैं, पर यह कैसे दिया जाए, इसे लेकर राजनीतिक टकराव जबरदस्त है। संविधान संशोधन विधेयक के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित होकर मतदान करने वाले सदस्यों का कम से कम दो-तिहाई समर्थन चाहिए। मौजूदा लोकसभा में NDA के पास अपने दम पर यह संख्या नहीं है। ऐसे में नंबर गेम के साथ ही सत्र कब होगा, कौन-सा होगा, यह भी गेम की तरह ही चलता दिख रहा है।

जानबूझकर बना रहे माहौल

सत्रावसान नहीं करने को लेकर विपक्ष बार-बार सवाल उठा रहा है। इसकी वजह यह है कि सत्रावसान न होने पर तीन दिन के नोटिस पर ही संसद का सत्र बुलाया जा सकता है, जबकि सत्रावसान के बाद नया सत्र बुलाने के लिए 14 दिन का नोटिस देना होता है। सरकार के वरिष्ठ नेता अनौपचारिक बातचीत में कई बार कह चुके हैं कि जिस दिन परिसीमन बिल के लिए जरूरी संख्या उनके पास हो जाएगी, वे सत्र बुलाकर इसे पास करवा लेंगे।

सत्र को लेकर जिस तरह जानबूझकर असमंजस बनाए रखा जा रहा है, उससे लगता है कि सरकार किसी अलग रणनीति पर काम कर रही है। आखिर बिल विशेष सत्र में पास हो या शीतकालीन सत्र में, इससे क्या फर्क पड़ता है? दरअसल सभी पार्टियों की कोशिश खुद को महिला आरक्षण का हितैषी व विरोधियों को महिला विरोधी साबित करने की दिख रही है।