गिग इकॉनमी को चाहिए नई गिनती

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
आज रोजगार का अर्थ केवल किसी कार्यालय या संस्थान में निश्चित समय तक काम करना नहीं रह गया है। डिजिटल तकनीक ने काम करने के तरीके बदल दिए हैं। लोग ऐप के जरिए डिलिवरी कर सकते हैं, टैक्सी चला सकते हैं, ऑनलाइन पढ़ा सकते हैं या अन्य फ्रीलांसिंग कर सकते हैं। रोजगार के इस नए स्वरूप को गिग इकॉनमी कहते हैं।

सुविधा संग चुनौतियां । गिग इकॉनमी ऐसी आर्थिक व्यवस्था है, जिसमें स्थायी नौकरी के बजाय छोटे कामों या अस्थायी अनुबंधों के आधार पर लोगों को रोजगार मिलता है। इससे लोगों को अपनी सुविधा और उपलब्धता के अनुसार काम चुनने का अवसर मिलता है, लेकिन अनिश्चित आमदनी, काम की निरंतरता का अभाव और सामाजिक सुरक्षा की कमी जैसी चुनौतियां भी हैं। इसलिए श्रमिकों की स्थिति समझना जरूरी है।
आंकड़े जुटाना मुश्किल । गिग इकॉनमी के आंकड़े जुटाना आसान नहीं। भारत में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण ( PLFS ) रोजगार और बेरोजगारी से जुड़ी जानकारी जुटाने का महत्वपूर्ण स्रोत है। हालांकि इसके मौजूदा मानकों से गिग वर्कर्स की पूरी तस्वीर सामने नहीं आती। इसके तीन बड़े कारण हैं। पहला, अनियमित कामकाज। दूसरा, एक से अधिक कामों में शामिल होना। यानी वह नियमित नौकरी के साथ फ्रीलांसिंग भी कर सकता है। ऐसे में उसकी अतिरिक्त कमाई का पता नहीं चलता और अलग-अलग प्लैटफॉर्म के आंकड़े जोड़ने पर एक ही व्यक्ति की दो बार गिनती भी हो सकती है। तीसरा बड़ा कारण रोजगार संबंध की अस्पष्टता है। उसे रोजगार की किस श्रेणी में रखा जाए, यह तय करना मुश्किल होता है। इसके अलावा, प्लैटफॉर्म और सरकारी सर्वेक्षणों के आंकड़ों में भी अंतर हो सकता है।

कितने वर्कर्स । नीति आयोग की जून 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, 2020-21 में भारत में 77 लाख गिग वर्कर्स थे। 2029-30 तक संख्या बढ़कर 2.35 करोड़ होने का अनुमान है। हालांकि ये आंकड़े उपलब्ध जानकारियों और अप्रत्यक्ष तरीकों पर आधारित हैं। इसलिए इन्हें आधिकारिक गणना नहीं कह सकते। जुलाई 2025 में सरकार ने बताया था कि PLFS में गिग की अलग पहचान के लिए बदलाव का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं था।

नए मानक जरूरी । गिग इकॉनमी को सही ढंग से समझने के लिए रोजगार सर्वेक्षणों में काम के घंटे, भुगतान का आधार, काम की नियमितता, आय के स्रोत और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सवाल शामिल होने चाहिए। इसलिए रोजगार के नए स्वरूप को समझने के साथ श्रमिकों की सुरक्षा और गरिमा का भी ध्यान रखना होगा।

(दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रफेसर)