सेक्टर 18 गुरुद्वारे में आज प्रकाश पर्व पर विशेष कीर्तन समागम
सेक्टर-18 गुरुद्वारे में आज प्रकाश पर्व पर विशेष कीर्तन समागम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
सिखों के पहले गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आज विशेष कीर्तन समागम आयोजित किया जाएगा। सुबह से रात तक चलने वाले कार्यक्रम में देश-विदेश से आए रागी और कथावाचक संगत को गुरबाणी कीर्तन और कथा से जोड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी चलेगा। समागम की शुरुआत सुबह 6 बजे संगत के आगमन से होगी। इसके बाद हेड ग्रंथी भाई अमरजीत सिंह जी कथा करेंगे। सुबह 10 से 11 बजे तक हजूरी रागी भाई अमनदीप सिंह और 11 से 12 बजे तक भाई अर्शकरण सिंह की ओर से कीर्तन होगा। दोपहर 12 से 1 बजे तक श्री दरबार साहिब अमृतसर के भाई सतनाम सिंह कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद ज्ञानी हरमित्तर सिंह कथा और ज्ञानी गुरदेव सिंह कीर्तन करेंगे। दोपहर बाद अरदास और समापन के बाद शाम को गुरमत कैंप के विद्यार्थी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। शाम के सत्र में भाई अनमोल दीप सिंह कथा, भाई अरशकरण सिंह कीर्तन और श्री रहिरास साहिब का पाठ होगा। रात में भाई अमनदीप सिंह, ज्ञानी गुरदेव सिंह, ज्ञानी हरमित्तर सिंह, भाई जगतार सिंह और भाई राय सिंह कीर्तन व कथा प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन रात 12 बजे होगा। आयोजन का लाइव प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। पार्किंग रेडिसन के सामने एमएलपी में होगी, जहां से संगत के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं लंगर की तैयारियों के लिए महिलाएं सोमवार पूरे दिन काम में जुटी रहीं। शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी आज पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।