अंतरिम से पहले आ सकता है एक और अनुपूरक बजट

Contributed by: anand.tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम•
another big move by yogi government before interim budget supplementary budget may come preparations for gifts of new schemes
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

अंतरिम बजट के पहले योगी सरकार एक और अनुपूरक बजट ला सकती है। सूत्र बताते हैं कि इसकी तैयारियों के लिए वित्त विभाग को संकेत दिए जा चुके हैं। चुनाव में जाने के पहले योगी सरकार कुछ और योजनाओं में पैसा डालने के अलावा इस अनुपूरक बजट में कुछ नई घोषणाओं के लिए रकम का इंतजाम कर सकती है। मसलन, चुनाव के पहले महिलाओं को 40 हजार रुपये देकर उनका व्यापार शुरू करने की योजना को अमल में लाया जा सकता है। अगर योगी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ती है तो उसे रकम का इंतजाम करना होगा, जिसकी व्यवस्था वह अनुपूरक में कर सकती है। इसके अलावा ऐसी ही कुछ और योजनाओं की सौगात जनता को दी जा सकती है। इसमें युवाओं के लिए भी कुछ घोषणाएं होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही स्कूटी वितरण के लिए भी अनुपूरक बजट में अतिरिक्त व्यवस्था हो सकती है। साथ ही कुछ ऐसी योजनाओं के लिए भी बजट आवंटन किया जा सकता है, जो सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
माना जा रहा है कि दिसंबर में शीतकालीन सत्र होगा। इसमें ही चुनाव के पहले लुभावनी योजनाओं को अमल में लाने के लिए अनुपूरक बजट लाया जाएगा। इस साल सरकार ने 9.12 लाख करोड़ रुपये का आम बजट पेश किया था। इसके बाद चार अगस्त को 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया गया था। सूत्र बताते हैं कि लगभग इतनी ही रकम का एक और अनुपूरक बजट लाया जाएगा। यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी अनुपूरक बजट होगा।

मॉनसून सत्र में पेश किया था 59,019 करोड़ का अनुपूरक बजट : मानसून सत्र में राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹59,019.54 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया था। इस बजट का फोकस में भी राज्य सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर था। इसमें राजस्व लेखे का व्यय ₹17,399.50 करोड़ और पूंजी लेखे का व्यय ₹41,620.04 करोड़ रखा गया था।