शंकर चौक का जाम होगा कम, DLF के फ्लाईओवर-अंडरपास को मंजूरी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
shankar chowk jam to get relief nhai approves dlfs flyover underpass
n NBT न्यूज, गुड़गांव

एनएच-48 पर सरहौल टोल से शंकर चौक के बीच लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। DLF की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अप्रूवल दे दिया है। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
NHAI की मंजूरी के तहत एनएच-48 की सर्विस रोड के साथ प्रस्तावित फ्लाईओवर बनाया जाना है। इसके अलावा मौलसरी एवेन्यू रोड से एनएच-48 की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए राइट टर्न अंडरपास बनाया जाएगा। दोनों प्रॉजेक्ट का मुख्य उद्देश्य शंकर चौक और आसपास के जंक्शनों पर वाहनों की क्रॉसिंग कम करना और ट्रैफिक को अलग-अलग रास्तों से निकालना है। NHAI के प्रवक्ता प्रवीण त्यागी ने बताया कि DLF की ओर से प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर NHAI स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन-प्रिंसिपल अप्रूवल दिया गया है। प्रस्ताव के अनुसार सर्विस रोड के साथ करीब तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे आसपास के क्षेत्रों से साइबर सिटी की ओर जाने वाले वाहनों को शंकर चौक के मौजूदा ट्रैफिक से अलग रास्ता मिल सकेगा।