कॉलेजों में भी शुरू होगा यूजी फोर इयर पाठ्यक्रम

नवभारतटाइम्स.कॉम•
four year ug course to be implemented in colleges affiliated with lucknow university from next session
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में भी अगले सत्र से चार वर्षीय स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रम लागू होगा। इसके तहत बीए, बीएससी और बीकॉम के फाइनल ईयर के छात्र चौथे वर्ष में प्रवेश ले सकेंगे। एलयू परिसर में यह व्यवस्था पहले से लागू है।

खास बात यह है कि चौथे वर्ष के ऑनर्स पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए अब 7.5 न्यूनतम सीजीपीए की बाध्यता पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने लखीमपुर जिले के प्राचार्यों के साथ बैठक में यह जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय पोर्टल के माध्यम से संबद्ध कॉलेजों के छात्र एआई और साइबर फरेंसिक जैसे आधुनिक व तकनीकी शॉर्ट टर्म कोर्स नि:शुल्क कर सकेंगे। ये नॉन-क्रेडिट कोर्स छात्रों को आधुनिक तकनीक की बुनियादी समझ देंगे। बैठक में कॉलेज स्तर पर समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा, कॉलेजों की समस्याओं के समयबद्ध और त्वरित निस्तारण के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से एक अलग ईमेल आईडी जारी करने का निर्णय लिया गया है।