Gurgaon Engineer Dies After Falling From 43rd Floor In Noida Financial Crisis And Divorce Case
गुड़गांव के इंजीनियर की नोएडा में 43वीं मंजिल से गिरकर मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा के स्पायरा टावर की 43वीं मंजिल से गिरकर शनिवार को गुड़गांव के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन (30) की मौत हो गई। युवक ने शुक्रवार दोपहर ऑनलाइन बुकिंग ऐप से यहां कमरा बुक किया था। वह चार दिनों से घर नहीं गए थे। पुलिस ने कहा है कि तनाव के कारण संभव ने आत्महत्या की है। रेलिंग पर लटकने के दौरान लोगों ने संभव को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुए। इतनी ऊंचाई से गिरने की वजह से संभव के शरीर के कई टुकड़े हो गए। संभव का तलाक हो चुका था और गुजारा भत्ते की रकम देने व अन्य खर्चों के कारण वह आर्थिक कठिनाई में थे। फिलहाल परिजनों ने मामले में शिकायत नहीं दी है। फरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, संभव दो दिन गुड़गांव के किसी होटल में ठहरे और शुक्रवार को नोएडा आए थे। मृतक के मोबाइल में एक विडियो मिला है, जिसमें वह आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बता रहे। साथ ही करीब 3 करोड़ रुपये का कर्ज होने की बात कही है। वह गिरने से पहले पिता से वॉट्सऐप पर बातचीत कर रहे थे। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि संभव जैन गुड़गांव स्थित आईएमटी मानेसर सेक्टर वन के रहने वाले थे। एमएनसी में कार्यरत संभव कुछ दिन से वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। उनके पिता फूड कंपनी में क्वॉलिटी ऑफिसर हैं।