Online Ludo Dispute Youth Murdered With Scissors Accused Arrested
ऑनलाइन लूडो खेलते समय विवाद, कैंची घोंपकर की हत्या
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
अलीगंज में पुरनिया पुल के नीचे ऑनलाइन लूडो खेलने और शराब पीने के दौरान हुए विवाद में साथी ने एक युवक पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस और आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।सीतापुर के ग्राम गैरोली निवासी राहुल अवस्थी मड़ियांव इलाके में रहता था। शनिवार शाम वह पुरनिया पुल के नीचे अपने साथी मड़ियांव के नौबस्ता निवासी प्रदीप व अन्य लोगों के साथ फोन पर ऑनलाइन लूडो खेल रहा था। डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद के मुताबिक लूडो खेलने के दौरान शराब भी पी जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर राहुल और आरोपित प्रदीप के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट होने लगी।
दुकान से कैंची उठाकर किया हमला
प्रत्यदर्शियों ने पुलिस को बताया कि गुस्से में प्रदीप ने पास की ही एक दुकान में रखी कैंची उठा ली। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता आरोपित ने राहुल पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। कैंची के हमले से राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके शरीर से काफी खून निकल रहा था। वारदात को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आरोपित भाग निकला।
ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया
घटना की सूचना शाम करीब 5:51 बजे यातायात नियंत्रण कक्ष ने पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालात में राहुल को तत्काल पास के वाघा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि आरोपित प्रदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।