स्वामी जुड़े I.N.D.I.A. से, श्याम सुंदर शर्मा की घर वापसी

Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
swami prasad maurya joins india alliance shyam sundar sharma returns to congress
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : आराधना मिश्रा 'मोना' को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के अगले दिन ही कांग्रेस ने मिशन-2027 के और पत्ते खोल दिए हैं। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को राहुल गांधी से मुलाकात कर इंडिया गठबंधन में शामिल होने की घोषणा कर दी है। वहीं, मथुरा के दिग्गज नेता श्याम सुंदर शर्मा ने घर वापसी करते हुए शनिवार को फिर से कांग्रेस जॉइन कर ली है। इसके साथ ही कांग्रेस ने सीतापुर से सांसद राकेश राठौर और हीरा ठाकुर को कांग्रेस के ओबीसी विभाग का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे साफ है कि कांग्रेस सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को नए सिरे से साधने में जुट गई है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक कांग्रेस भाजपा और सपा के बीच अपनी अलग सामाजिक पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। स्वामी प्रसाद मौर्य लंबे समय से प्रदेश की ओबीसी राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं। बसपा, भाजपा और सपा में प्रभावशाली भूमिका निभाने वाले मौर्य का INDIA गठबंधन में शामिल होना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कांग्रेस को उम्मीद है कि इससे गैर-यादव पिछड़े वर्गों के बीच उसकी स्वीकार्यता बढ़ सकती है। हालांकि, इसका वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि गठबंधन स्तर पर मौर्य की भूमिका क्या तय होती है और सपा इस नए समीकरण को किस तरह देखती है। चर्चा है कि स्वामी अपने बेटे को ऊंचाहार से चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं।
वहीं, मथुरा की मांट सीट से आठ बार विधायक और तीन बार मंत्री रहे श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में वापसी को भी पार्टी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देख रही है। ब्रज क्षेत्र में लंबे समय से संगठनात्मक कमजोरियों से जूझ रही कांग्रेस शर्मा के जरिए मथुरा और आसपास के क्षेत्रों में नई राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश करेगी। इस जॉइनिंग के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी सिर्फ नए चेहरों पर नहीं, बल्कि अनुभवी नेताओं को सम्मानजनक भूमिका देने को तैयार है।