8,290 महिलाओं समेत 41,424 होमगार्ड चयनित

Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
uttar pradesh homeguard recruitment 2025 selection on 41424 posts 8290 female candidates successful
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। प्रदेश के 75 जिलों में होमगार्ड के कुल 41,424 रिक्त पदों के सापेक्ष 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की जिला और श्रेणीवार सूची बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।

डीजी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एसबी शिरडकर ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में 8,290 महिला अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। वहीं, आरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत अनुसूचित जनजाति की रिक्तियों के सापेक्ष 50 जिलों में कुल 439 अभ्यर्थियों का चयन अनुसूचित जाति श्रेणी से किया गया है। दो या दो से अधिक अभ्यर्थियों के समान अंक होने की स्थिति में उनकी वरीयता का निर्धारण अधिक आयु तथा हाईस्कूल प्रमाणपत्र में दर्ज नाम के पहले अक्षर के आधार पर टाई-ब्रेक नियमों के तहत किया गया। अंतिम चयन लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर, अधिमानी अर्हताओं के अंकों तथा आरक्षण नीति के प्रावधानों के आधार पर तैयार की गई जिलावार मेरिट सूची के अनुसार किया गया है।
अभ्यर्थियों की छह सूचियां जारी : भर्ती बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों की छह अलग-अलग सूचियां जारी की हैं। इनमें कुल चयनित अभ्यर्थियों की सूची और कटऑफ अंक, अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के चयनित उम्मीदवारों की अलग-अलग सूचियां शामिल हैं। अभ्यर्थी अपना परिणाम भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं।