E bus Drivers Say Cannot Wait For Passengers Rotation Is Fixed As Buses Run Empty
ई-बसों के ड्राइवर बोले- रुककर यात्री का इंतज़ार नहीं कर सकते
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n अम्बरीश त्रिपाठी, नोएडा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा में कई रूट पर बसें कम यात्रियों के साथ या खाली दौड़ रही हैं। एनबीटी ने अलग-अलग रूटों पर जाकर जब इसकी पड़ताल की तो इसका प्रमुख कारण बसों की तय फ्रीक्वेंसी, स्टॉप पर बस न रोकना और रोटेशन व्यवस्था सामने आई। इस दौरान ड्राइवरों से स्टॉप पर बस न रोकने की वजह पूछी तो बताया कि वे किसी जगह बस खड़ी कर सवारियों का इंतजार नहीं कर सकते। बसों का रोटेशन तय समय के अनुसार चलता है और एक के पीछे दूसरी बस एक साथ न चले, इसका भी ध्यान रखना होता है। बस रोककर इंतजार करने से ट्रैफिक भी प्रभावित होता है।'ऑटो अधिक होने से बस को नहीं मिलती सवारी'
ड्राइवरों ने बताया कि उन्हें रूट चार्ट दिया गया है और वे उसी के अनुसार बस चलाते हैं। बस रोकने के संबंध में विभाग की ओर से बस स्टॉप की जानकारी दिए जाने की बात उन्होंने कही। वहीं, ओवरटेकिंग लेन में बस चलाने के सवाल पर ड्राइवरों का कहना था कि कई जगह ऑटो अधिक होने से बस को सवारी नहीं मिलती, इसलिए वे वहां से तेजी से निकल जाते हैं। इस व्यवस्था में बसों की फ्रीक्वेंसी, स्टॉप और यात्रियों की वास्तविक जरूरत के बीच तालमेल पर सवाल उठ रहे हैं। सवारी का इंतजार न कर पाने और तय रोटेशन के कारण बसें खाली चलती रहें तो सार्वजनिक परिवहन का उद्देश्य कितना पूरा हो रहा है, यह सवाल बना हुआ है।