Hissar Liquor Contractor Shot Dead On Sports Ground Dies On The Spot
खेल मैदान में शराब ठेकेदार पर बरसाईं गोलियां, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, हिसार
कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड में रविवार देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने शराब ठेकेदार नरेश (34) की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उसका साथी धर्मबीर भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।माथे, सीने और हाथ में लगीं गोलियां: जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे हरिता गांव निवासी नरेश अपने साथी बयाना खेड़ा निवासी धर्मबीर के साथ ग्राउंड पर मौजूद थे। वहां करीब 35-40 लोग थे। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे तीन नकाबपोश बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। नरेश के माथे, सीने और हाथ में तीन गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे धर्मबीर को भी तीन गोलियां लगीं, जिनका उपचार चल रहा है। आजाद नगर थाना पुलिस ने कहा कि घटनास्थल पर 15 से 16 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मैच खत्म होने के 20-25 मिनट बाद वारदात: घटना से पहले इसी ग्राउंड पर क्रिकेट मैच हुआ था, जिसका यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया। मैच करीब 11 बजे खत्म हुआ और 20-25 मिनट बाद फायरिंग हुई। नरेश शराब ठेके के साथ ग्राउंड में कैंटीन भी चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, नरेश के खिलाफ भी कई मामले दर्ज थे। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है।