5 महीने में बिजली बिल का बकाया "102 करोड़ घटा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
electricity bill arrears reduced by 102 crore in 5 months defaulters increased in gurgaon
NBT न्यूज, गुड़गांव

बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के बावजूद गुड़गांव में डिफॉल्टिंग अमाउंट में कमी आई है। DHBVN के 31 मार्च से 31 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार गुड़गांव-1 और गुड़गांव-2 सर्कल में कुल डिफॉल्टर कनेक्शनों की संख्या 52,851 से बढ़कर 57,407 हो गई। इसके बावजूद इन खातों पर कुल बकाया 368.88 करोड़ से घटकर 266.57 करोड़ रह गया। सर्कल-2 में मार्च में कुल डिफॉल्टिंग अमाउंट करीब 285.33 करोड़ था, जो अगस्त में घटकर 174.39 करोड़ रह गया। इस सर्कल में डिफॉल्टर कनेक्शन 28 हजार 801 से 28 हजार 305 हुए। गुड़गांव-2 के बदशाहपुर डिविजन में बकाये में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई। मार्च में यहां करीब 132.14 करोड़ का डिफॉल्टिंग अमाउंट था, जो अगस्त में घटकर करीब 21.39 करोड़ रह गया।
दूसरी तरफ सर्कल-1 में डिफॉल्टर कनेक्शन 24,050 से बढ़कर 29,102 हो गए। डिफॉल्टिंग अमाउंट भी 83.55 करोड़ से बढ़कर 92.18 करोड़ पहुंच गया। मानेसर डिविजन में बकाये में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई, जहां कुल डिफॉल्टिंग अमाउंट करीब 7.19 करोड़ से बढ़कर 10.44 करोड़ हो गया। निगम के अनुसार पांच महीने में बकाया करीब 102 करोड़ घटा, लेकिन डिफॉल्टर खातों की संख्या बढ़ी है।