योगी सरकार फिर बनी तो सभी स्कूलों में वैदिक गणित की पढ़ाई: राजनाथ

नवभारतटाइम्स.कॉम•
योगी सरकार फिर बनी तो सभी स्कूलों में वैदिक गणित की पढ़ाई: राजनाथ
n NBT न्यूज, अयोध्या

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को अयोध्या में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर प्रदेश के सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से वैदिक गणित पढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह CM योगी से आग्रह करेंगे।
अयोध्या के रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में श्री गुरु पर्व महामहोत्सव के अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि संस्कृत देव भाषा और आध्यात्म की भाषा है। उन्होंने वैदिक गणित की विशेषता बताते हुए कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाई जाती है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार के संरक्षण में शासन व्यवस्था और सनातन व्यवस्था दोनों उत्कर्ष को प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की अयोध्या वह भूमि है जहां माता सरयू से होकर आने वाली हवा के साथ सनातन की आस्था सदियों से प्रवाहित होती आई है। इस धरती पर भगवान राम ने पांव रखकर इसे पवित्र किया और यहां से धर्म, न्याय और मर्यादा का संदेश पूरी दुनिया में पहुंचा। राम राज्य की व्यवस्था की सारे विश्व ने सराहना करते हुए सर्वोच्च माना है जिसने संपूर्ण मानवता को आदर्श शासन का रास्ता दिखाया।

राम मंदिर आंदोलन का जिक्र: राजनाथ सिंह ने हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उदासीन आश्रम में संतों ने राजनाथ सिंह का माल्यार्पण किया और अंगवस्त्र भेंट किया। राजनाथ सिंह ने अयोध्या को केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में संतों के योगदान को याद किया और कहा कि उन्होंने जेल की यातनाएं सहीं और बलिदान दिए, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।