पानीपत कोर्ट परिसर में गंडासे-लाठी से हमला, गवाह को पीटकर अधमरा किया

नवभारतटाइम्स.कॉम•
witness brutally attacked with axe sticks in panipat court questions raised on court premises security
n NBT न्यूज, पानीपत

पानीपत कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए। गुरुवार को वकीलों के चैंबर बिल्डिंग के पीछे पार्किंग में तारीख पर गवाही देने आए एक युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि 5-6 युवकों ने गंडासे, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से गवाह को बुरी तरह पीटा। हमले में युवक के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पार्किंग में घेरकर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के एक मामले में दोनों पक्ष तारीख पर कोर्ट पहुंचे थे। वकीलों की बिल्डिंग के पीछे पार्किंग में शिकायतकर्ता पक्ष के लोग मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 5-6 युवक कथित तौर पर लाठी-डंडे, गंडासे और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया। घायल गवाह की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी नहीम के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान अक्षय, सुमित रोड खुखराणा, शुभम मतलौडा और जतिन उर्फ काटा कवि के रूप में बताई गई है। घटना का CCTV विडियो भी सामने आया है।

गाड़ियों को निशाना बनाया

हमले के दौरान बदमाशों ने पार्किंग में खड़ी करीब पांच गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। इसी दौरान रजिस्ट्री के सिलसिले में कोर्ट आए गोपाल कॉलोनी निवासी अजय की अर्टिगा कार को भी निशाना बनाया गया। अजय के मुताबिक, वह अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी कर वकील से मिलने अंदर गए थे। कुछ देर बाद कोर्ट परिसर में झगड़े की सूचना मिलने पर वह बाहर आए तो गाड़ी के शीशे टूटे मिले। कार में रखा एक बैग भी गायब था। उनके मुताबिक, बैग में रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के साथ ₹2.50 लाख कैश रखा हुआ था।

रेकमेंडेड खबरें