100 से तेज़ दौड़ी कार तो पकड़ेंगे स्पीड ट्रैकर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
cars will run at 100 kmph on jewar expressway nhai sets speed limit speed trackers installed
- एनएचएआई ने एक्सप्रेसवे पर तय की वाहनों की स्पीड लिमिट

- जहां तैयार हो गई सड़क, वहां लगाए गए स्पीड ट्रैक करने का सिस्टम
NBT न्यूज, फरीदाबाद

जेवर एयरपोर्ट तक जाने के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। एनएचएआई ने छोटे व बड़े वाहनों के लिए स्पीड लिमिट तय कर दी है। जिन जगहों पर सड़क बनाकर तैयार हो गई है, वहां स्पीड लिमिट के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। साथ ही स्पीड को ट्रैक करने का सिस्टम भी लगाए गए हैं।

बता दें कि जेवर में बने एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ने के लिए 31 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा है। करीब 24 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में बनाया जा रहा है और सात किलोमीटर हिस्सा यूपी में है। फरीदाबाद के सेक्टर 65 से शुरू होकर एक्सप्रेसवे यमुना पार कर पलवल और फिर यूपी में प्रवेश होता है। मोहना गांव में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को केजीपी एक्सप्रेस से जोड़ने के लिए इंटरचेंज भी बनाया जा रहा है। इंटरचेंज से आगे यमुना पार वाले हिस्से में एक्सप्रेस वे लगभग पूरी तरह से तैयार हो गया है। स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग, साइन बोर्ड आदि भी लगा दिए गए हैं। इस रोड पर वाहनों के चलने की स्पीड लिमिट भी एनएचएआई ने तय कर दी है।

भारी वाहनों के लिए 80 की स्पीड तय

छोटे वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे, जबकि बड़े व भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तय की गई है। स्पीड को ट्रैक करने वाले सिस्टम भी एक्सप्रेस वे पर लगाए गए हैं। यमुना पर वाले एरिया में रोड के ऊपर स्पीड लिमिट ट्रैक करने वाला सिस्टम लगाया गया है। इसके पास पहुंचने पर वाहन की स्पीड ऊपर दिखाई देगी। एनएचएआई के प्रॉजेक्ट डायरेक्टर धीरज सिंह का कहना है कि जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एक्सप्रेसवे पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। वाहन चालकों को स्पीड लिमिट की जानकारी रहे, इसके लिए स्पीड लिमिट दिखाने वाले बोर्ड तैयार हो चुकी सड़क पर लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही स्पीड को ट्रैक करने का सिस्टम भी लगाया गया है।