नोएडा स्टेडियम में कल से रामलीला

नवभारतटाइम्स.कॉम•
grand ramlila and vijayadashami festival from october 11 to 21 at noida stadium
NBT न्यूज, नोएडा

सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में 11 से 21 अक्टूबर तक रामलीला और विजयादशमी महोत्सव होगा। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति के इस 41वें आयोजन में दिल्ली और मुंबई के टीवी व फिल्मी कलाकार मंचन करेंगे। दशहरा पर 80 फुट ऊंचे रावण, 75 फुट के कुंभकरण और 65 फुट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। समिति ने बताया कि रामलीला का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम सात बजे गणेश पूजन के साथ होगा। इस बार मंच को केदारनाथ, बदरीनाथ और जगन्नाथ पुरी धाम की थीम पर तैयार किया जा रहा है। इसमें 3डी इफेक्ट और एलईडी का इस्तेमाल होगा। डबल मंच पर महल, जंगल, पहाड़ और किले की झलक दिखाई जाएगी। राम बरात 15 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर से निकलेगी। 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर तीनों पुतलों का दहन रंगीन रोशनी और आतिशबाजी के बीच होगा। 21 अक्टूबर को भरत मिलाप, सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया के साथ आयोजन का समापन होगा। आयोजन की अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। प्रेसवार्ता में समिति के चेयरमैन डॉ टीएन गोविल, अध्यक्ष टीएन चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।