'50% स्टार्टअप्स महिलाओं के, 36% महिला कार्यबल'

Contributed by: premshanker.mishra|नवभारतटाइम्स.कॉम•
dominance of women power in up 50 startup ceos 36 increase in women workforce participation
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन यूपी में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में आए बदलाव को रेखांकित किया है। रविवार को ‘X’ किए पोस्ट में योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ ही नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा प्रदान की है। प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व आज नारी शक्ति कर रही है।

योगी ने लिखा कि वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना भी चुनौती थी, आज वही बेटियां नाइट शिफ्ट में काम करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रही हैं। वहीं, महिला कार्यबल भागीदारी दर 12% से बढ़कर 36% से अधिक हो गई है। यह महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए उपलब्ध अवसरों के विस्तार का स्पष्ट प्रमाण है। सीएम कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
वहीं, मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं।