इंडस्ट्री को ज्योतिष सेवाएं देगा लखनऊ विश्वविद्यालय

नवभारतटाइम्स.कॉम•
lucknow university to now provide astrological consultancy to industries scope increased
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) अब कॉर्पोरेट दफ्तरों और इंडस्ट्री को भी ज्योतिषीय कंसल्टेंसी मुहैया कराएगा। विवि में पहले से जारी इस सेवा का दायरा अब बढ़ा दिया गया है। पहले लोग सिर्फ कैंपस आकर इन-पर्सन सलाह ले सकते थे, लेकिन अब इंडस्ट्री, ऑफिस, रोजगार और बिजनस से जुड़ी दिक्कतों पर विशेषज्ञ सीधे कंपनियों में जाकर मार्गदर्शन करेंगे। इसके लिए संस्थानों को ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। इससे कॉरपोरेट्स को सही सलाह मिलेगी और विवि का भी विकास होगा।

सोमवार को ज्योतिर्विज्ञान विभाग के 25वें स्थापना दिवस पर समन्वयक डॉ. श्यामलेस तिवारी ने यह जानकारी दी। रजत जयंती समारोह व संगोष्ठी में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि प्राचीन भारतीय काल-गणना पद्धतियां बेहद उन्नत थीं। इसका उपयोग मानवता व जनकल्याण में होना चाहिए। युवा शोधार्थी इस विधा में गहन अध्ययन-अनुसंधान कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। इसी सोच के साथ इस विधा को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, संपूर्णानंद संस्कृत विवि के पूर्व वीसी प्रो. बिंदा प्रसाद मिश्र ने कहा कि सीमित संसाधनों से शुरू हुए इस विभाग में आज डॉक्टर और इंजीनियर तक दाखिला ले रहे हैं।
शुरू हो गया वास्तुशास्त्र पाठ्यक्रम

डॉ. श्यामलेश कुमारी तिवारी ने बताया कि विभाग की स्थापना 18 अक्टूबर 2001 को हुई थी। तब महज यूजी पीजी कोर्स था आज पीएचडी भी चल रही है वहीं सीटों की संख्या भी दोगुनी हो गई है। इस साल से हमने वास्तुशास्त्र में भी पीजी कोर्स शुरू किया गया है जिसमें दाखिले हो गए हैं। पहले बैच की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। जल्द ही विभाग में अन्य कोर्स भी शुरू किये जाएंगे।