Varanasi Major Explosion In Illegal Cracker Factory In Colony Two story House Collapses Three Injured
कॉलोनी में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, वाराणसी
सारनाथ के पैगंबरपुर में गुरुवार शाम अवैध पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाके से दो मंजिला मकान ढह गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पड़ोस के मकान का बाहरी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे से तीन लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पटाखा कारोबारी राजू खान और उसकी मां मुन्नी के मलबे में दबे होने की आशंका है, हालांकि पड़ोसियों का कहना है कि धमाके के बाद दोनों पिछले दरवाजे से भाग गए। वहीं, धमाके के बाद एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची।जानकारी के मुताबिक, मकान में बिना लाइसेंस पटाखे बनाए जा रहे थे। शाम करीब छह बजे अचानक धमाका हुआ। इस पर आसपास के लोग भी बचाव कार्य में जुटे। मकान में मौजूद राजू की पत्नी चांदनी (39), बेटे आदिल (16) और बेटी अरबिया (19) को मलबे से निकालकर कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह के मुताबिक, चांदनी करीब 90% झुलसी है। आदिल को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि अरबिया की हालत स्थिर है। डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि मलबे से हाथ से बनाए गए पटाखों के अवशेष मिले हैं। विस्फोट के असली कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।