9 Years Later Victims Family Receives 5 Lakh Financial Aid For Road Accident Payment Made After High Court Intervention
हादसे में गई थी जान, 9 साल बाद परिवार को मिली आर्थिक मदद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, रेवाड़ी
सड़क हादसे में जान गंवाने के करीब 9 साल बाद परिवार को दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना के तहत पांच लाख रुपये की मदद मिल पाई। इसके लिए परिवार को दो बार हाईकोर्ट में याचिका देनी पड़ी। एडवोकेट भानुप्रताप सिंह मनहास ने बताया कि 2 अक्टूबर 2017 को मनोज कुमार सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए थे, हादसा अचानक नीलगाय के सामने आने से हुआ था। 9 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। परिवार ने 2018 और 2023 में अधिकारियों को योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने का आवेदन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। विभाग ने योजना के तहत केवल 2 लाख स्वीकृत किए। परिवार का कहना था कि मनोज की आयु के अनुसार सरकारी अधिसूचना में पांच लाख रुपये देय हैं। इस पर फिर से हाईकोर्ट में याचिका दी। न्यायमूर्ति जगमोहन बंसल ने आवेदन की तारीख से छह हफ्ते के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। फैसला न होने पर परिवार ने उपायुक्त रेवाड़ी, मुख्य सचिव हरियाणा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) को नोटिस भेजा। आखिरकार परिवार को 5 लाख रुपये दिए गए।