मज़बूत होगा आयुष इलाज का ढांचा, रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा

Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
new ayush policy in up boost to research expansion on ppp model
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश में आयुष अस्पतालों में इलाज का ढांचा मजबूत होगा। साथ ही रिसर्च को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार नई आयुष नीति लाने जा रही है। इसे नवंबर में होने वाली कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल सकती है। इसमें निवेशकों को कई सहूलियतें दी जाएंगी। पीपीपी मॉडल पर आयुष सेवाओं को विस्तार दिया जाएगा।

प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष कारोबार को बढ़ाने के निर्देश दिए थे ताकि पूरे देश में आयुष के क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्योगपति यूपी का रुख कर सकें। इसके लिए नई आयुष पॉलिसी-26 का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। इसे कैबिनेट के सामने समक्ष रखने की प्रक्रिया चल रही है। नई पॉलिसी में प्राचीन पद्धति पंचकर्म, नेचरोपैथी और वेलनेस सेंटर पर विशेष ध्यान दिया गया है। नई पॉलिसी से आयुष कारोबार को प्रोत्साहन के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो सकेंगी। पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर अस्पतालों का निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा, आयुष अस्पतालों के निर्माण के साथ ही नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। जिनमें आयुर्वेद, योग और होम्योपैथी से संबंधित कोर्स शामिल होंगे।