Congress Committing Fourth Unpardonable Crime Rajnath Singh Accuses Of Harming Constitution And Institutions
चौथा अक्षम्य अपराध कर रही कांग्रेस: राजनाथ
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने पहले तीन अक्षम्य अपराध किए। पहला अपराध आपातकाल, दूसरा 1984 में सिखों का नरसंहार और तीसरा कारसेवकों पर गोलीबारी का समर्थन था। अब चौथा अक्ष्य अपराध संविधान , संवैधानिक मूल्यों और संस्थाओं को चोट पहुंचाकर किया जा रहा है।
सपा के बिना रायबरेली जीत सकते हैं राहुल?: राजनाथ ने कहा कि आज जो वोट चोरी की बात कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि 1993 से पहले देश में पांच दशक तक बिना वोटर आईडी के चुनाव होते रहे। जब से वोटर आईडी आया, तब से कांग्रेस अपने दम पर केंद्र में सरकार नहीं बना पाई है। यूपी में 1985 के बाद से सरकार नहीं बना सकी है। मैं राहुल से पूछना चाहता हूं कि ये वोट चोरी थी कि कामचोरी। उन्होंने वोट चोरी को हाइड्रोजन बम बताया था, लेकिन यह दीपावली का पटाखा भी नहीं निकला। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी बिना सपा के सहयोग के रायबरेली की सीट जीत सकते हैं? कांग्रेस प्रदेश के नेताओं का आपस में ही एक दूसरे को भरोसा नहीं है। आपस में झगड़ा करते नजर आ रहे हैं।अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने का प्रयास : राजनाथ ने कहा कि आज दुनिया में भारत की विश्वसनीयता बढ़ी है। डिजिटल ट्रांजैक्शन में दुनिया का नंबर एक देश बन गया है। रक्षा उत्पादन में भारत ने शानदार सफलता हासिल की है। भारत डिफेंस उत्पादों का निर्यातक देश बन गया है। कुछ ताकतों को यह रास नहीं आ रहा। दशकों से चुनाव हार रहे राजनीतिक दल ऐसी ही शक्तियों के हाथों में खेल रहे हैं। यह अराजकता भारत की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने का निंदनीय प्रयास है।