बीके अस्पताल के बाहर जाम से निपटने को बनेंगे दो गेट

नवभारतटाइम्स.कॉम•
bk hospital to get relief from traffic jams two new gates to be built
nNBT न्यूज, फरीदाबाद : बीके अस्पताल में रोजाना ढाई से तीन हजार मरीजों की आवाजाही के बीच मुख्य द्वार पर लगने वाला जाम बड़ी परेशानी बना हुआ है। इस समस्या से निपटने के लिए अस्पताल के मुख्य द्वार से बीके चौक तक सड़क चौड़ी करने और प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने की योजना तैयार की जा रही है।

वर्तमान में अस्पताल का मुख्य द्वार संकरा होने और आसपास ऑटो की अधिक संख्या के कारण अक्सर जाम लग जाता है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस के पहुंचने पर भी रास्ता बाधित होने की आशंका बनी रहती है। सड़क चौड़ी करने के लिए मुख्य द्वार के पास बनी वीटा डेयरी और पुलिस चौकी को हटाने की योजना है। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि बीके अस्पताल के मुख्य द्वार पर सड़क चौड़ी करने की योजना है। इसके लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाने की तैयारी की जा रही है।