Chaos Over Multipoint Connection In Panchsheel Hynish Aoa And Residents Clash
मल्टीपॉइंट कनेक्शन लगाने गई टीम, AOA और निवासी भिड़े
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
सेक्टर-1 स्थित पंचशील हाइनिश सोसायटी में सिंगल को मल्टीपॉइंट बिजली कनेक्शन में तब्दील करने पहुंची एनपीसीएल की टीम के सामने गुरुवार को एओए और निवासियों के बीच हंगामा हुआ। लोगों का कहना है कि परिसर में मल्टीपॉइंट कलेक्शन लगाने के लिए 74 फीसदी निवासियों ने सहमति दी है। इसके बाद भी एओए प्रकिया शुरू करने में अड़चन डाल रही है। इस कारण एनपीसीएल की टीम कनेक्शन प्रकिया को पूरा किए बिना ही चली गई। सोसायटी के निवासी राम मोहन सिंह, संजीव शर्मा, आनंद शर्मा ने बताया कि परिसर में 12 टावर हैं। यहां करीब 1300 परिवार रह रहे हैं। कई साल से सिंगल पॉइंट बिजली कनेक्शन चल रहा है, जो लोगों के लिए समस्या बनता जा रहा है। ऐसे में 74 फीसदी निवासियों ने मल्टीपॉइंट कनेक्शन लगाने के पक्ष में सहमति दी थी। एनपीसीएल की टीम मल्टीपॉइंट कनेक्शन लगाने के लिए गुरुवार को सोसायटी पहुंची और सहमति देने वाले लोगों से चर्चा की। इस बीच एओए के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने टीम को अंदर आने से रोका। साथ ही मल्टीपॉइंट से जुड़े काम को नहीं करने दिया। आरोप है कि परिसर में प्रीपेड मीटर के रिचार्ज रोककर, नए मीटर के लिए ₹3,000-5,000 तक भुगतान के कथित दबाव पर भी सवाल उठ रहे हैं। निवासियों की मांग है कि इस मुद्दे पर डीएम मेधा रूपम, ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ और स्थानीय पुलिस प्रशासन संज्ञान लेकर तत्काल सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करे और NPCL बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को शुरू कराए। इस मामले पर एओए के अध्यक्ष विनोद नेगी ने बताया कि एनपीसीएल की टीम ने दो साल पहले सर्वे किया था,उस समय काफी कम लोग रह रहे थे। ऐसे में करीब 600 लोग सर्वे का हिस्सा नहीं हैं। कुछ लोगों की सहमति के बाद एनपीसीएल काम कराने आई है, जो गलत है। हमारी मांग है कि वे दोबारा सर्वे करने के बाद यहां आएं।