संतान नहीं थी तो किया बच्चे का अपहरण, दंपती गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
couple deprived of children kidnapped a 2 year old child recovered from up
nNBT न्यूज, नूंह

सदर थाना तावड़ू पुलिस ने दो साल के मासूम के अपहरण के मामले में बच्चे को यूपी के शाहजहांपुर से बरामद कर लिया है। आरोपी बब्लू सिंह और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती ने संतान न होने के कारण बच्चे के अपहरण की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आंबेडकर नगर के अमित कुमार बैरवा ने शिकायत दी थी कि 9 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उनका दो साल का बेटा प्रिंस लापता हो गया, आरोप था कि कुछ दिन पहले उनके किराये पर रहने आया युवक बच्चे को ले गया है। संबंधित युवक से पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे थे, लेकिन उसने उपलब्ध नहीं कराए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इसमें एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर बच्चे को ले जाता दिखा। पुलिस ने चार अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की। 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की भी मदद ली गई। इसके बाद पुलिस आरोपी बब्लू सिंह तक पहुंची। 15 अक्टूबर को आरोपी बब्लू सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसने और उसकी पत्नी राजकुमारी ने अपहरण की योजना बनाई। आरोपी पत्नी के साथ 6 अक्टूबर को किराये का कमरा देखने के बहाने नूंह के रंगाला आया और पत्नी को बावल (रेवाड़ी) छोड़कर लौटा और किराये पर रहने लगा। 9 अक्टूबर को प्रिंस को बावल पहुंचाया फिर पत्नी के साथ गांव शहजादपुर, जिला शाहजहांपुर ले गया। पुलिस ने दंपती को अरेस्ट कर मासूम को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती से पूछताछ की जा रही है।