Mahagun Mywoods Electricity Cut Again 59 Lakh Due Chaos In Society
59 लाख का बिल बकाया, महागुन मायवुड्स की बिजली फिर काटी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
बिजली का बकाया बिल जमा नहीं करने पर एनपीसीएल ने शुक्रवार सुबह नौ बजे महागुन मायवुड्स सोसायटी की बिजली काट दी। सोसायटी पर करीब 58.59 लाख रुपये का बिल बकाया है। नवंबर 2025 से अब तक छठी बार इस सोसायटी की बिजली आपूर्ति बंद की गई है। कार्रवाई के बाद सोसायटी में अफरातफरी मच गई। हालांकि, सोसायटी में जनरेटर से बिजली और लिफ्ट जैसी आवश्यक सुविधाएं चलती रहीं। एनपीसीएल ने बताया कि पूरा बिल जमा करने पर शाम 5:30 बजे लाइट जोड़ दी गई। इस दौरान करीब 8.30 घंटे लाइट कटी रही। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि सोसायटी प्रबंधन को बकाया बिल जमा करने के लिए कई बार नोटिस भेजे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। मौजूदा महीने का बिल जोड़ने पर कुल बकाया राशि करीब 1 करोड़ 78 लाख रुपये हो गई है। सोसायटी में सिंगल पॉइंट बिजली कनेक्शन है और यहां करीब पांच हजार परिवार रहते हैं। ऐसे में बिजली कटौती का असर बड़ी संख्या में निवासियों पर पड़ता है।कई बार काट दी बिजली
महागुन मायवुड्स सोसायटी में बकाया बिजली बिल को लेकर पहले भी कई बार आपूर्ति काटी जा चुकी है। 14 नवंबर 2025 को 85.41 लाख रुपये, 15 दिसंबर 2025 को 68.04 लाख रुपये और 16 मार्च 2026 को 71.40 लाख रुपये बकाया होने पर बिजली काटी गई थी। इसके बाद 14 अप्रैल को 46.72 लाख और 17 सितंबर को 51.50 लाख रुपये के बकाये पर कार्रवाई हुई थी। शुक्रवार को एक बार फिर बिजली काटी गई।
नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं किया
एनपीसीएल प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि सोसायटी में बिजली बिल का भुगतान समय पर नहीं करने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। प्रबंधन को पर्याप्त अवसर देने और नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिजली आपूर्ति बंद की जाती है।