Millions Embezzled From Post Office Branch Postmaster Suspended Account Holders Deposits Missing
डाकघर के खातों से लाखों रुपये निकालने का आरोप, निलंबित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, माल : विकासखंड के उमरावल पंचायत स्थित उपडाकघर में तीन दर्जन से अधिक खाताधारकों की जमा रकम गायब होने का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने डाकघर में बचत खाते, सुकन्या समृद्धि योजना और एफडी समेत विभिन्न योजनाओं में रकम जमा की थी। रुपये निकालने पहुंचने पर खातों में मामूली धनराशि बची मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायतों के बाद डाकघर में तैनात शाखा डाकपाल (बीपीएम) प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।
उमरावल निवासी सावित्री देवी के खाते में 23,080 रुपये जमा थे, लेकिन निकालने पहुंचीं तो केवल 774 रुपये मिले। मोहिनी के खाते में 61,763 रुपये की जगह 1,405 रुपये ही बचे थे। इसी तरह नीतू गुप्ता के खाते में 57,418 रुपये के मुकाबले 1,418 रुपये मिले। नेहा कश्यप के खाते में 1,28,292 रुपये जमा थे, लेकिन शेष राशि केवल 1,885 रुपये मिली। राहुल के खाते में 75,535 रुपये के बजाय 11,837 रुपये बचे थे। मीना के खाते में केवल 1,734 रुपये मिले, जबकि कमला के खाते में 55 हजार रुपये से अधिक की जमा राशि में से महज 798 रुपये शेष थे। पीड़ितों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। खाताधारकों को आशंका है कि उनकी मेहनत की कमाई निकाल ली गई। विभागीय अधिकारी मामले पर खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं।