Delhi Colleges Prepare To Increase Sports Budget To 5 Lakh Facilities To Be Expanded
कॉलेजों का खेल बजट 5 लाख करने की तैयारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
दिल्ली सरकार कॉलेजों में खेल सुविधाएं बढ़ाने और नए भवनों और हॉस्टल के निर्माण की योजना बना रही है। इसके तहत हर कॉलेज स्पोट् र्स फंड को एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। साथ ही, अगले 20 साल में स्टूडेंट्स की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना तैयार की जाएगी। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सरकार से पूरी फंडिंग पाने वाले सभी 12 कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। 14 अक्टूबर को दिल्ली सचिवालय में हुई बैठक में बजट के इस्तेमाल, निर्माण परियोजनाओं में तेजी लाने और डिजिटल सुविधाएं बढ़ाने पर चर्चा हुई। सूद ने कहा कि चुनिंदा कॉलेजों में सेंट्रलाइज्ड डिजिटल प्लैटफॉर्म से संबंधित एक पायलट परियोजना शुरू की जाएगी। इसके संबंध में सभी कॉलेजों के प्रिंसिपल्स से सुझाव और प्रतिक्रिया मांगी गई। बैठक में खेल प्रशिक्षण बेहतर करने के लिए प्राइवेट खेल अकादमियों की भागीदारी का प्रस्ताव भी रखा गया। शिक्षा मंत्री ने कॉलेजों को आवंटित बजट का प्रभावी इस्तेमाल करने और उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) जल्द जमा करने के निर्देश दिए। बजट के रीवैलिडेशन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा गया।