Maa A Rahi Hain Message Howrah Station Themed Durga Puja Pandal In Noida
‘मां आ रही हैं’ संदेश के साथ दुर्गा पूजा के लिए सजा हावड़ा स्टेशन थीम वाला पंडाल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसायटी में दुर्गा पूजा 2026 के लिए कोलकाता के मशहूर हावड़ा रेलवे स्टेशन की थीम पर पंडाल तैयार किया गया है। आनंदारूपा कल्चरल ट्रस्ट (एक्ट) की ओर से बनाए गए इस पंडाल का नाम ‘आगमनी’ रखा गया है। बंगाली में आगमनी का भाव मां दुर्गा के आगमन से जुड़ा है। इसका संदेश है, मां आ रही हैं।आयोजकों का कहना है कि हावड़ा रेलवे स्टेशन को सिर्फ यात्रियों के आने-जाने की जगह के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे बड़े पूजा स्थल के रूप में देखा जाए, जहां लोग पहुंचें, एक-दूसरे से मिलें और मां दुर्गा की आराधना में शामिल हों। हावड़ा स्टेशन कोलकाता और बंगाल की पहचान से जुड़े प्रमुख स्थलों में शामिल है। आमतौर पर रेलवे स्टेशन लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का काम करता है। इस पंडाल की अवधारणा इसी जगह को समुदाय को जोड़ने वाले केंद्र के रूप में दिखाती है। पंडाल की डिजाइन में हावड़ा स्टेशन की भव्यता को दुर्गा पूजा की पारंपरिक बनावट के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। स्टेशन के बड़े प्रवेश और मिलने-जुलने वाले हिस्से को पूजा के मुख्य मंडप यानी पूजो दालान के रूप में दिखाया गया है। स्टेशन से होकर गुजरने का अनुभव यहां मां दुर्गा तक पहुंचने की यात्रा के रूप में पेश किया गया है। इस पंडाल का कॉन्सेप्ट और डिजाइन प्रदीप मंडल और अभिषेक मुखर्जी ने तैयार किया है। दोनों आनंदारूपा कल्चरल ट्रस्ट से जुड़े हैं। ट्रस्ट का कहना है कि उसकी कोशिश दुर्गा पूजा के जरिए लोगों को एक मंच पर लाने, बंगाल की संस्कृति को जीवित रखने और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देने की है।