Protest Continues In Faridabad Against Dumping Of Garbage People Not Moving Even After Tent Removal
टेंट उखड़ा पर हटे नहीं, सैनिक कॉलोनी और अचीवर सोसायटी के लोग भी उतरे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
भाकरी गांव के निकट खुले में कूड़ा डालने के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन में ग्रामीणों के साथ-साथ सैनिक कॉलोनी और अचीवर सोसायटी के निवासी भी शामिल हो गए हैं। प्रदर्शनकारी टेंट लगाकर धरने पर बैठे हुए हैं और नगर निगम प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक नगर निगम लिखित रूप में यह आश्वासन नहीं देता कि भविष्य में यहां कूड़ा नहीं डाला जाएगा, तब तक अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी रहेगा।मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई करते हुए धरने का टेंट उखाड़ कर फेंक दिया था। इतना ही नहीं, पार्षद जगत सिंह फागना और देवेंद्र फागना समेत कई प्रमुख लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के हौसले पस्त नहीं हुए और वे अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। लोगों का तर्क है कि यदि निगम के पास कूड़ा निस्तारण के लिए अन्य कोई उपयुक्त जगह नहीं है, तो पहले वैकल्पिक स्थान की तलाश की जानी चाहिए। केवल मौखिक आश्वासनों से जनता संतुष्ट नहीं होने वाली है।