Faridabad Neighbors German Shepherd Attacks Young Woman Trying To Save Pet Dog Severe Injuries
पालतू कुत्ते पर झपटा पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड, बचाने आई युवती को काटा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-37 स्थित अशोका एन्क्लेव पार्ट-2 में पालतू कुत्ते के हमले में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता खुला घूम रहा था। युवती अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकली थी, तभी जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने युवती की दाईं बाजू और कमर पर काटकर गहरे घाव कर दिए। शिकायत के आधार पर थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने कुत्ते के मालिक सिकंदर शर्मा और सुषमा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में सृष्टि शर्मा निवासी सी-112, अशोका एन्क्लेव पार्ट-2, सेक्टर-37 ने बताया कि 17 अक्टूबर की सुबह करीब 6:45 से 7 बजे वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकली थी। इसी दौरान पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड कुत्ता खुला घूमता हुआ अचानक उसकी तरफ दौड़ा। सृष्टि ने अपने कुत्ते को गोद में उठा लिया, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। उसने बचने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने उसकी दाईं बाजू में जबड़ा गड़ा दिया। इसके बाद कुत्ते ने उसकी कमर पर भी हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। युवती के शोर मचाने के काफी देर बाद कुत्ते की मालकिन पहुंची और उसे काबू किया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को घटना की सूचना मिली थी। अगले दिन अमृता अस्पताल से युवती के उपचार के संबंध में सूचना और मेडिकल रिपोर्ट (एमएलसी) प्राप्त हुई। अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक, सृष्टि को 17 अक्टूबर को इमरजेंसी में एंटी-रेबीज टीकाकरण सहित उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। पुलिस ने 21 अक्टूबर को युवती के बयान और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की। थाना सराय ख्वाजा में 21 अक्टूबर को केस दर्ज किया गया। मामले की जांच पीएसआई विनोद कुमार कर रहे हैं।