Haryana Firing At Retired Sis House By Miscreants Incident Captured On Cctv
हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड SI के घर फायरिंग, कैमरे में बदमाश कैद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर के नगला एनक्लेव पार्ट-दो में बुधवार रात करीब 2 बजे बुलेट बाइक सवार दो बदमाशों ने हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर पर तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलीबारी में मकान का शीशा टूट गया, जबकि एक गोली दीवार में जा लगी। तीसरी गोली हवा में चलाई गई। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। गोलियां चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई, लेकिन बदमाशों के डर से कोई बाहर नहीं निकला। पूरी घटना घर के बाहर लगे कैमरे में कैद हो गई।ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने की वारदात का 59 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दो बदमाश घर के सामने पहुंचकर गोलियां चलाते और बाद में बुलेट बाइक पर सवार होकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो युवक पैदल घर के सामने पहुंचते हैं। इनमें एक ने नीली टी-शर्ट पहन रखी है। सिर पर गमछा बांधा हुआ है, जबकि दूसरा सफेद कमीज पहने हुए है। घर के सामने पहुंचते ही नीली टी-शर्ट पहने युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सफेद कमीज पहने युवक ने भी अपनी गन निकालकर गोली चलाने की कोशिश की। कुछ पल रुकने के बाद गमछा बांधे युवक पीछे हटता है और दोबारा घर की तरफ फायर करता है।