दिवाली से पहले मिलेगी सीवर समस्या से राहत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
indira nagar to get relief from sewer problems before diwali drinking water crisis also deepens
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : दिवाली से पहले जोन-7 यानी इंदिरा नगर के तीन वॉर्डों को सीवर समस्या से राहत मिलेगी। लाल बहादुर शास्त्री प्रथम, इंदिरा नगर और मैथिलीशरण गुप्त वॉर्ड के लोगों को सीवर समस्या से राहत मिलने जा रही है। वन सिटी वन ऑपरेटर प्रोजेक्ट के तहत सीवर नेटवर्क का संचालन और रखरखाव कर रही संस्था सुएज ने साईं मंदिर के पास क्षतिग्रस्त 600 एमएम की पुरानी सीवर लाइन बदलकर नई पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है।

 क्षेत्र में करीब 50 साल पहले आवास विकास विभाग ने सीवर लाइन बिछाई थी, जो कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। फिलहाल नई पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है और मौके पर नए मैनहोल का निर्माण चल रहा है। सुएज के ऑपरेशन मैनेजर सोनपाल शर्मा ने बताया कि जल्द निर्माण पूरा कर लाइन चालू करने की तैयारी है। नई लाइन शुरू होने से 12,00 से अधिक घरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्यूबवेल का स्टार्टर खराब, गहराया पेयजल संकट : केसरी खेड़ा वॉर्ड के न्यू मानक नगर ट्यूबवेल का स्टार्टर खराब होने से सूर्य नगर, दौदा खेड़ा और धंडा खेड़ा के लोग दो दिन से पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, समस्या की सूचना जेई को दी गई है। जलकल के JE ने शुक्रवार तक स्टार्टर लगवाकर सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन दिया है।