Surajkund Diwali Fair Starts Today 650 Policemen Bomb Disposal Squads And Dog Squad Deployed
कड़ी सुरक्षा के बीच आज से सूरजकुंड दिवाली मेला शुरू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दिवाली उत्सव मेले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वीआईपी के आगमन और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 650 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी डीसीपी एनआईटी उत्तम को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। पुलिस की विशेष नजर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी। आगाज सीएम करेंगे।पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मेले के प्रवेश और निकास द्वारों के अलावा प्रमुख स्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कैमरों के माध्यम से मेले में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वॉड भी रहेंगे तैनात : सुरक्षा जांच के लिए एंटी-सबोटाज टीम, बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वायड की व्यवस्था की गई है। ये टीमें मेले के विभिन्न क्षेत्रों, प्रवेश द्वारों और महत्वपूर्ण स्थानों की जांच करेंगी। किसी भी संदिग्ध वस्तु पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।