लावारिस मरीज़ का कूल्हा जोड़ा, खून से इम्प्लांट तक हुआ मुफ्त इलाज

नवभारतटाइम्स.कॉम•
anonymous patients hip replaced free treatment from blood to implant balrampur hospitals commendable initiative
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : न कोई तीमारदार और न ही इलाज का खर्च उठाने वाला कोई अपना। इसके बावजूद बलरामपुर अस्पताल प्रशासन ने 45 वर्षीय मरीज कल्लू कश्यप के इलाज की पूरी कमान संभाली और उनके कूल्हे की सफल सर्जरी कराई।

कल्लू 15 सितंबर को दाहिने कूल्हे की टूटी हड्डी के साथ अस्पताल के लावारिस वाॅर्ड में भर्ती हुए थे। उनके शरीर में खून की कमी थी। अस्पताल ने तत्काल दो यूनिट खून का इंतजाम कराया और सर्जरी में लगने वाला पीएफएन (प्रॉक्सिमल फीमर नेल) इम्प्लांट भी मुफ्त मुहैया कराया। इसके बाद 22 अक्टूबर को आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सुरूर अली की टीम ने उनका सफल ऑपरेशन किया, जिसमें एनेस्थेटिस्ट डॉ. सुरेश कौशल, डॉ. देशराज सिंह और ओटी स्टाफ शामिल रहे। शुक्रवार को डॉक्टरों ने मरीज की हालत स्थिर और सुरक्षित बताई। निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल का मकसद हर निराश्रित को बेहतर और मुफ्त इलाज देना है।