Elderly Man Loses 17 Lakh Rupees From His Account After Clicking On A Facebook Ad Link Cyber Fraud Case
लिंक पर क्लिक करते ही बुज़ुर्ग के खाते से कटे 17 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, नोएडा
फेसबुक पर जीवन प्रमाणपत्र जमा करने का विज्ञापन देखकर लिंक पर क्लिक करना सूरजपुर निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया। आरोप है कि साइबर ठगों ने बैंक और पेंशन से जुड़ी जानकारी हासिल कर उनके खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक, उनके और उनके पिता के संयुक्त बैंक खाते से कुल 16 लाख 87 हजार 802 रुपये की ठगी हुई है।सूरजपुर निवासी मनोज कुमार सिन्हा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर को फेसबुक पर उन्हें पंजाब नेशनल बैंक के लोगो के साथ जीवन प्रमाणपत्र जमा करने का विज्ञापन दिखा। उन्होंने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक कर दिया। उसी दिन शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने उनसे जन्मतिथि और बैंक खाते से संबंधित जानकारी मांगी। इसके बाद मोबाइल में एक फाइल डाउनलोड कराकर 24 घंटे इंतजार करने को कहा। कुछ समय बाद पीड़ित को शक हुआ तो उन्होंने मोबाइल से डाउनलोड की गई फाइलें हटा दीं। 17 अक्टूबर को उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर पीएनबी एचआरएमएस के लोगो वाला संदेश आया। पेंशन खाते को सुरक्षित करने के लिए उन्होंने बैंक की हेल्पलाइन पर संपर्क किया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर 20 हजार, 55 हजार, 40 हजार और 5 हजार रुपये के लेनदेन से संबंधित ओटीपी आने लगे। इसके बाद एक लाख और 97 हजार 802 रुपये के लेनदेन के संदेश भी मिले।