यमुना सिटी में 3,491 करोड़ का प्लांट लगाएगी मदरसन

Contributed by: sunil.pandey2|नवभारतटाइम्स.कॉम•
यमुना सिटी में 3,491 करोड़ का प्लांट लगाएगी मदरसन
NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

यमुना सिटी में औद्योगिक निवेश को लेकर बड़ी पहल हुई। ऑटो मोबाइल कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी संवर्धना मदरसन इंटरनैशनल लिमिटेड (SAMIL) यहां 3,491 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने परियोजना के लिए 150 एकड़ जमीन मांगी थी। इस पर यमुना अथॉरिटी (यीडा) ने कंपनी को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी कर दिया है। प्रस्तावित इकाई से अगले 5 वर्षों में 20 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
183 करोड़ रुपये सिर्फ जमीन पर खर्च करने का प्रस्ताव : परियोजना के तहत कंपनी वायरिंग हार्नेस, रियर-व्यू मिरर, ऑटोमोटिव लाइटिंग सिस्टम, पॉलिमर मॉड्यूल और अन्य वाहन संबंधी उपकरणों का उत्पादन करेगी। इसके लिए आधुनिक संयंत्र, मशीनरी, टूलिंग और उपयोगिता सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पर होने वाले कुल निवेश में 1,928 करोड़ रुपये संयंत्र एवं मशीनरी, 997 करोड़ रुपये भवन, 383 करोड़ रुपये उपयोगिता सुविधाओं और 183 करोड़ रुपये जमीन पर खर्च करने का प्रस्ताव है। कंपनी इस निवेश को अपने आंतरिक संसाधनों से वित्तपोषित करेगी। यमुना अथॉरिटी के सीईओ आरके सिंह और एसीईओ मनीष मीणा ने कंपनी के अधिकारी को लेटर आफ इंटेंट सौंपा है।