लखनऊ में जुटे गन्ना किसान, ACS के आश्वासन लेकर लौटे

Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
sugarcane farmers protest in lucknow acs sends proposal for price hike assurances on other demands
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

गन्ना मूल्य बढ़ाने सहित प्रदेश के किसान शुक्रवार को लखनऊ में जुटे। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की अगुआई में उन्होंने दिनभर गन्ना संस्थान परिसर में डेरा डाला। शाम को अपर मुख्य सचिव गन्ना से वार्ता के बाद आश्वासन लेकर वापस लौटे।
गेट खोलने पर विवाद : यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर गन्ना किसानों ने शुक्रवार को गन्ना संस्थान परिसर में पंचायत का निर्णय लिया था। तय कार्यक्रम से पहले गुरुवार शाम को ही किसान वहां पहुंच गए। उस समय गन्ना संस्थान परिसर में ताला लगा था। ताला न खोले जाने पर टिकैत खुद भी वहां आ गए और गेट पर ही धरना देकर बैठ गए। उनका कहना था कि पहले से कार्यक्रम तय था। उन्हें टेंट सहित अन्य सामान पहले ही अंदर ले जाना है, लेकिन ताला नहीं खोला जा रहा। हालांकि, देर रात ताला खोल दिया गया।

एसीएस ने दिया आश्वासन : सुबह किसानों की संख्या काफी बढ़ गई। किसान नेता अपनी मांगों को लेकर भाषण देते रहे। इस दौरान दिनभर लंगर की भी व्यवस्था थी। दोपहर बाद गन्ना विभाग के अधिकारी ज्ञापन लेने पहुंचे। उनसे बात हुई, लेकिन राकेश टिकैत फिर लौट आए। कहा कि अपर मुख्य सचिव से वार्ता के बाद ही जाएंगे। शाम को अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी से किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिला। किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने, घटतौली पर सख्त कार्रवाई करने, गन्ने की नई प्रजाति 20016 को जल्दी जारी करने सहित कई मांगों का ज्ञापन उनको सौंपा। गन्ना मूल्य बढ़ाने पर एसीएस ने कहा कि वह प्रस्ताव भेजेंगी। निर्णय मुख्यमंत्री के स्तर से होना है। वहीं, घटतौली पर सख्त कार्रवाई करने और नई वैराइटी जल्द जारी होने सहित कई मांगों को पूरी करने का आश्वासन दिया।