दिल्ली-जयपुर हाइवे (NH-48) स्थित हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त हिस्से की करीब 21 महीने बाद भी मरम्मत नहीं हो सकी है। ऐसे में हर रोज हजारों लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। इसकी तस्वीरें और विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे नया गड्ढा होने की घटना के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार यह गड्ढा नया नहीं है, बल्कि जनवरी 2025 का है। इसे ठीक कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। साल भर में करीब तीन बार टेंडर हो चुका है लेकिन अब तक गड्ढा नहीं भरा जा सका है।ऐसे में सवाल उठ रहा है कि हाइवे के इस क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में इतना समय क्यों लग रहा है? इस गड्ढे के चारों ओर स्थायी बेरिकेडिंग भी नहीं है, जिससे यहां हादसे का खतरा बना हुआ है। क्षतिग्रस्त हिस्से से रोड के सरिया साफ दिख रहे हैं। यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने फ्लाईओवर की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा है और सड़क निर्माण की गुणवत्ता व रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
2018 से सामने आ रही है क्षतिग्रस्त होने की समस्या
हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर पर पिछले कई वर्षों में कंक्रीट टूटने की घटनाएं हो चुकी हैं। अप्रैल 2018 में फ्लाईओवर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। मई 2019 में कंक्रीट टूटने से सड़क पर सुराख बन गया। मई 2024 में जयपुर से दिल्ली की ओर करीब 20 मीटर हिस्सा धंसा था। जनवरी 2025 में भी फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त हुए हिस्से में गड्ढे और सरिये दिखाई दिए थे। अब सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल होने के बाद मरम्मत में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।