शाहबेरी डबल डेकर एलिवेटेड रोड की तैयारी तेज, NHAI को भेजा पत्र

नवभारतटाइम्स.कॉम•
shahberi double decker elevated road preparations accelerate rs 1200 crore project to ease traffic congestion
nNBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

ग्रेनो वेस्ट में जाम की समस्या से निजात दिलाने और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) तक आसान पहुंच के लिए प्रस्तावित शाहबेरी डबल डेकर एलिवेटेड रोड की कवायद तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने इसके निर्माण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र भेजा है। जल्द ही प्रॉजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम शुरू होने की उम्मीद है। इस प्राॅजेक्ट पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका खर्च नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद डिवेलपमेंट अथॉरिटी मिलकर उठाएंगी। इसमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति गोलचक्कर से एलिवेटेड रोड शुरू होगी। शाहबेरी नाले तक इसे डबल डेकर यानी दो मंजिला बनाया जाएगा। इसके आगे क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए डीएमई तक सिंगल एलिवेटेड रोड रहेगी। डबल डेकर एलिवेटेड रोड की पहली मंजिल का इस्तेमाल ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद जाने और दूसरी मंजिल का इस्तेमाल गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा आने के लिए किया जाएगा। मौजूदा सड़क स्थानीय लोगों के लिए पहले की तरह खुली रहेगी। एलिवेटेड रोड की चौड़ाई 9 से 10 मीटर होगी। पूर्व में चार लेन की एलिवेटेड रोड बनाना जाना प्रस्तावित था। लेकिन एक मूर्ति से शाहबेरी नाले तक जगह की कमी है। इस मुद्दे पर अथॉरिटी और एनएचएआई के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी। इसके बाद दो मंजिला एलिवेटेड बनाने पर सहमति बनी है।