सेक्टर-21 पार्ट-3 में स्ट्रीट लाइट नहीं, अंधेरे में हादसे का खतरा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
street lights off in sector 21 part 3 fear of accidents in the dark
nNBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर 21सी पार्ट-3 में सड़कों पर अंधेरा होने से लोग परेशान है। यहां 23 से अधिक हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले करीब 4 हजार लोगों को रात के समय आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण अंधेरा छाया रहता है, जिससे हादसे और अनहोनी होने का खतरा बना हुआ है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से समाधान की मांग कर चुके है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कत : लोगों का कहना है कि पार्ट-3 में 23 से अधिक हाउसिंग सोसायटियां होने के बावजूद सड़कों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण सड़क पर मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी जगबीर तेवतिया ने बताया कि एरिया में प्रशासन की ओर से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई है। रात के समय बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। सड़कों पर रोशनी नहीं होने से लोगों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। यहां सड़कों के किनारे बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई है।