Cisf Employee Arrested For Facilitating Fraud By Providing Bank Accounts To Scammers
CISF कर्मी बन ठगी करने वालों को देता था बैंक खाता, गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का फर्जी कर्मचारी बनकर सामान खरीदने के नाम पर 1.63 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराता था। आरोपी की पहचान दौलत निवासी गांव मध्यकी, नूंह के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2025 को इस मामले में एक व्यापारी ने थाना साइबर क्राइम वेस्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को CISF कर्मचारी बताया और पैकिंग मटीरियल का पर्चेज ऑर्डर दिया। सामान सप्लाई होने के बाद ठग ने सिक्योरिटी गेट पास और बिल का दोगुना भुगतान करने का झांसा देकर पहले 5 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद बातों में फंसाकर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में 1.63 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत पर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने रविवार को नूंह से आरोपी दौलत को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी गई रकम में से करीब एक लाख रुपये दौलत के बैंक खाते में और करीब 63 हजार उसकी पत्नी के खाते में ट्रांसफर हुए थे। आरोपी ने अपने और अपनी पत्नी के बैंक खाते साइबर ठगों को महज 20 हजार रुपये बेचे थे।