Patwari Strike Ends Work Resumes After August 20th Over 10000 Jamabandi Works Affected
बिल्ली को पकड़ने में बेसमेंट में गिरी महिला
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पटवारियों और कानूनगो की 20 अगस्त से जारी हड़ताल खत्म हो गई है। सोमवार शाम पंचकूला में द रेवेन्यू पटवार व कानूनगो असोसिएशन, हरियाणा और राजस्व विभाग के उच्च अधिकारियों के बीच हुई बैठक में कुछ मांगों पर सहमति बनी, जबकि बाकी मांगों पर विचार के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों की देखरेख में कमिटी बनाई गई है। कमिटी को इन मांगों पर फैसला लेने में कुछ समय लगेगा। मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद संगठन ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है। मंगलवार से पटवारी और कानूनगो काम पर लौटेंगे।द रेवेन्यू पटवार व कानूनगो असोसिएशन गुड़गांव के अध्यक्ष सतपाल यादव ने बताया कि अधिकारियों के साथ बातचीत सकारात्मक रही। कुछ मांगों को मान लिया गया है, जबकि जिन मांगों पर तत्काल फैसला नहीं हो सका है, उनके लिए कमेटी बनाई गई है। यह कमिटी अधिकारियों की देखरेख में मांगों पर आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मांगों को लेकर मिले आश्वासन के बाद संगठन ने लोगों के हित में हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है।
जमाबंदी के 10 हज़ार से अधिक काम प्रभावित
पटवारियों की हड़ताल के कारण जिले में 10 हजार से अधिक जमाबंदी के काम प्रभावित रहे। जाति सत्यापन, ऋण संबंधी कार्य, नामांतरण और म्यूटेशन के साथ अन्य राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े काम भी अटके रहे। पटवारियों के स्तर पर होने वाले सत्यापन नहीं होने से जाति प्रमाणपत्र समेत कई दस्तावेजों की प्रक्रिया प्रभावित हुई। जमीन और दस्तावेजों से जुड़े काम के लिए लोगों को पटवारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े। पटवारी और कानूनगो जमाबंदी और इंतकाल पोर्टल की तकनीकी कमियां दूर करने, पोर्टल पर होने वाली गलतियों की जिम्मेदारी तय करने, पोर्टल को कानूनी मान्यता देने और डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम प्राइवेट एजेंसियों से कराने की मांग कर रहे थे। इसके साथ नवनियुक्त पटवारियों का बकाया वेतन और एरियर जारी करने, एलटीसी और गिरदावरी सहायक मानदेय का भुगतान करने, कानूनगो की इंक्रीमेंट की फाइल मंजूर करने और तहसीलों में कंप्यूटर, प्रिंटर व स्कैनर उपलब्ध कराने जैसी मांगें भी रखी गई थीं।