चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में हेरफेर की तैयारी: अखिलेश

Contributed byAnand.Tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम
preparation for voter list manipulation before elections akhilesh yadavs serious allegations against bjp
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची में हेरफेर की तैयारी कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पीडीए के नारे के साथ सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी पीडीए परिवार के लोगों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद फॉर्म-7 भरवाए गए हैं और अब चुनाव से पहले फिर से सत्यापन की प्रक्रिया करवाई जाएगी। इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची को प्रभावित करने की कोशिश होगी।

अखिलेश ने कहा कि चुनाव से पहले बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लोगों को लाकर उनके वोट शामिल किए जाएंगे। उन्होंने इसे भाजपा की चुनावी योजना बताते हुए कहा कि अपने लोगों के वोट मतदाता सूची में शामिल करवाने की तैयारी की जा रही है।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता : सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी। ‘पीडीए’ के नारे को लेकर सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर नजर रखने और पार्टी समर्थकों के नाम सूची में सुनिश्चित करवाने की अपील की। अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि हिरासत में मौत के मामलों में उत्तर प्रदेश नंबर एक हो चुका है। बदायूं जिले में हुई हिरासत में मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में मौत गंभीर मामला है और ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से पुलिस की कार्यप्रणाली और हिरासत में होने वाली मौतों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।