Taxi Driver Beaten In Road Rage Person Wearing Police Cap Saves Him
रोडरेज में टैक्सी ड्राइवर को पीटा, 'पुलिस की कैप' लगाकर पहुंचे शख्स ने बचाया
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
सोहना एलिवेटेड हाइवे पर राजीव चौक अंडरपास के पास रोडरेज की घटना हुई। वाहनों के सड़क पर दौड़ने के दौरान कट मारने को लेकर विवाद में एक कार सवार युवक और बुजुर्ग ने बीच रोड पर टैक्सी चालक की पिटाई कर दी। इस घटना से हाइवे पर जाम लग गया। इस बीच एक शख्स का पुलिस की टोपी पहनकर बीच-बचाव करते हुए विडियो सामने आया है, जिसने विवाद को शांत कराया। राजीव चौक अंडरपास के नजदीक कार और टैक्सी के चालकों के बीच कट मारने को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्साए कार सवार युवक और उसके साथ मौजूद बुजुर्ग ने बीच सड़क पर ही अपनी गाड़ी रोक दी। दोनों ने टैक्सी ड्राइवर को बाहर खींचकर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। इससे हाइवे पर गाड़ियां रुकने और मारपीट होने से पीछे चल रहे वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
'सिविल ड्रेस' में कार से निकले युवक ने समझाया : हंगामे और बढ़ते जाम के बीच पीछे फंसी एक कार से एक युवक बाहर निकला। युवक सिविल ड्रेस में था, लेकिन उसके सिर पर पुलिस की कैप लगी हुई थी। उसने सख्त तेवर अपनाते हुए तुरंत दोनों पक्षों को अलग किया और मारपीट कर रहे लोगों को पीछे धकेला।