जेम पोर्टल से सबसे अधिक की खरीदारी वाला राज्य बना UP

Contributed byAnand.Tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम
up becomes first in highest procurement from gem portal piyush goyal awarded 3 national awards
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) के जरिए सबसे अधिक खरीद करने वाला राज्य बन गया है। अब तक जेम पोर्टल से राज्य सरकार के विभागों ने करीब 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी की है। सभी राज्यों द्वारा जेम के माध्यम से की गई कुल खरीद में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक है।

उत्तर प्रदेश की इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। 10 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित जेम के 10वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश को सार्वजनिक खरीद के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश को मिले पुरस्कारों में जेम ओवरऑल एक्सिलेंस अवॉर्ड, हाईएस्ट जेम प्रोक्योरमेंट वैल्यू और बेस्ट आउटरीच बिल्डिंग अवार्ड शामिल हैं। इन पुरस्कारों को उप्र शासन के प्रमुख सचिव शशिभूषण लाल सुशील ने लिया।
MSME, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप्स को मिले अवसर : जेम के माध्यम से उत्तर प्रदेश ने सरकारी खरीद को केवल बड़े कारोबारियों तक सीमित रखने के बजाय एमएसएमई, महिला उद्यमियों, एससी/एसटी वर्ग द्वारा संचालित उद्यमों और स्टार्टअप्स के लिए भी अवसरों का विस्तार किया है। इस व्यवस्था से छोटे उद्यमों को देशभर के सरकारी खरीदारों तक पहुंच बनाने का डिजिटल मंच मिला है। इससे प्रदेश के स्थानीय उद्यमियों के लिए सरकारी बाजार का दायरा बढ़ा है और उन्हें राज्य के बाहर भी अपने उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध करवाने का अवसर मिला है।