Wapcos Engineer Avails Hotel air Ticket Benefits Against Government Payments Cbi Registers New Case
भुगतान के लिए होटल, हवाई टिकट के करवाए पेमेंट
Contributed by: Ankur.Tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : WAPCOS के तत्कालीन डिप्टी चीफ इंजिनियर एवं प्रॉजेक्ट मैनेजर पंकज दुबे ने सरकारी ठेके और लंबित भुगतानों के बदले पांच सितारा होटलों में रुकने और हवाई यात्राओं का कई बार भुगतान करवाया। दुबे व अन्य की वॉट्सऐप चैट से रिश्वत का ये नया खेल सामने आया है। सीबीआई की लखनऊ एसीबी ने मामले में पंकज के अलावा कारोबारी जिगर देसाई, शील रायडोट तथा उनकी कंपनियों रायडोट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और उत्कर्ष सॉफ्टवेयर सर्विसेज के खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश का नया मामला दर्ज किया है। पंकज दुबे के खिलाफ यह सीबीआई की तीसरी एफआईआर है।
एफआईआर के अनुसार पंकज दुबे के खिलाफ फरवरी 2026 में भी एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उन्हें लखनऊ में एक ठेकेदार से 10 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में सीबीआई 20 अप्रैल 2026 को चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच में सामने आया कि हिमाचल प्रदेश के सोलन में तैनाती के दौरान पंकज दुबे के कार्यकाल में जिगर देसाई की कंपनी रायडोट इन्फोटेक को जल जीवन मिशन (JJM) के तहत कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, सोलन, ऊना और हमीरपुर समेत 10 जिलों में काम मिले थे।