Cyber Fraud In The Guise Of Gas Bill Update Rs 274 Lakhs Siphoned Off By Downloading App
गैस का बिल अपडेट करने का झांसा दे ठगे 2.74 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, मानेसर
साइबर ठगों ने गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाकर एक व्यक्ति को फर्जी मोबाइल ऐप (APK file) डाउनलोड कराया और उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 74 हजार 48 रुपये साफ कर दिए। थाना साइबर क्राइम मानेसर ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मानेसर के सेक्टर-89 स्थित ट्यूलिप पेटल सोसायटी में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त को उन्हें एक वॉट्सऐप मेसेज मिला। जिसमें दावा किया गया था कि बिल अपडेट न होने के कारण उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। मेसेज में खुद को हरियाणा गैस अधिकारी बताने वाले अशोक सिंह का नंबर भी दिया गया था। पीड़ित ने जब दिए गए नंबर पर संपर्क किया, तो आरोपी ने उन्हें वॉट्सऐप पर HaryanaGasBillupdate नाम की एक APK फाइल भेजी। रविवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही पीड़ित ने बिल अपडेट करने के लिए उस ऐप में अपने ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड की जानकारी डाली, पेमेंट प्रोसेस फेल हो गया। इसके बाद शातिर ने कॉल करके कुछ देर बाद समस्या ठीक करने का झांसा दिया। जब पीड़ित ने सुबह 11:30 बजे अपना फोन देखा, तो उनके क्रेडिट कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर 2 लाख 74 हजार 48 रुपये निकाल लिए गए थे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।